रामगढ़ पुलिस ने अदालत परिसर में हंगामा करने वाले संगठित अपराध गिरोह के 21 सदस्यों को किया गिरफ्तार

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  रामगढ न्यायालय परिसर में हुये हंगामें के बाद रामगढ़ पुलिस ने प्रेस बयान जारी किया है। जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि पूर्व से सूचना पर पुलिस टीम बना कर मौजूद थी। जारी प्रेस बयान के अनुसार रामगढ़ पुलिस पांडेय गिरोह, अमन साहू गिरोह और श्रीवास्तव गिरोह जैसे संगठित अपराध समूहों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ को गुप्त सूचना मिली कि उक्त गिरोहों से जुड़े कई अपराधी माननीय व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ के आसपास इकट्ठा होकर अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर सहायक पुलिस अधीक्षक–सह–अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातु श्री गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में छोटे-छोटे समूहों में विभाजित होकर कड़ी निगरानी रख रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि अपराधी समूह के लोग न्यायालय में घुसकर हंगामा कर रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए सिविल ड्रेस में तैनात पुलिस टीम ने श्रीवास्तव गिरोह के कुल 21 सदस्यों को अदालत परिसर और उसके बाहर से हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने न्यायालय में हंगामा करने की बात स्वीकार की। इनमें कई अपराधी ऐसे पाए गए जिनके विरुद्ध कई गंभीर मामले दर्ज हैं। सभी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया तेजी से जारी है।

रामगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी गिरोह अथवा अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 26 मोबाइल फोन, एक स्कॉर्पियो वाहन, दो वॉकी-टॉकी, एक चांदी जैसा ब्रेसलेट और तीन स्मार्ट वॉच जब्त किए। सूचना के अनुसार पकडे गए लोगों को पुलिस वहां से रामगढ थाना लाया गया है ।

अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों में सहायक पुलिस अधीक्षक–सह–अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु श्री गौरव गोस्वामी, पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर श्री अजय कुमार, पु.नि. नवीन प्रकाश पांडेय (थाना प्रभारी रामगढ़), पुलिस निरीक्षक पतरातु अंचल पु.नि. सत्येंद्र कुमार, पतरातु थाना प्रभारी पु.अ.नि. शिवलाल कुमार गुप्ता, ओपी प्रभारी बरकाकाना पु.अ.नि. उमाशंकर वर्मा, ओपी प्रभारी भुरकुंडा पु.अ.नि. उपेंद्र कुमार, ओपी प्रभारी भदानीनगर पु.अ.नि. अख़्तर अली, पतरातु थाना के पु.अ.नि. प्रदीप रजक, रामगढ़ थाना के पु.अ.नि. जोनी कुमार, पु.अ.नि. बिरबल हेम्ब्रम, भुरकुंडा थाना के पु.अ.नि. कुणाल कुमार, साइबर थाना के पु.अ.नि. दिगंबर पांडेय, माननीय व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ के पु.अ.नि. रंजीत यादव, स.अ.नि. जसमुद्दीन अंसारी सहित अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।