रामगढ़, झारखंड : भारत विकास परिषद रामगढ़ शाखा के सानिध्य में 30 नवंबर को भव्य चतुर्थ सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से आए 51 जोड़े शामिल होंगे। यह जानकारी कार्यक्रम संयोजक गोविंद पी. मेवाड़, शाखा अध्यक्ष सरदार अनमोल सिंह और पूर्व अध्यक्ष अमित साहू ने संयुक्त प्रेस वार्ता में दी।
कार्यक्रम संयोजक गोविंद मेवाड़ ने बताया कि समारोह की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह के लिए समाजसेवी एवं दानदाता स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरी तरह भव्य और यादगार होगा।
कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे कई अतिथि
समारोह के उद्घाटनकर्ता स्थानीय सांसद श्री मनीष जायसवाल होंगे। मुख्य अतिथि श्री हरि कृष्ण बुधिया, विशेष अतिथि—दिल्ली से आए भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्री राज दुर्गा दत्त शर्मा, पूर्वांचल की प्रभारी श्रीमती सुमन सिंह (पटना) के साथ कई गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
अध्यक्ष सरदार अनमोल सिंह ने कहा कि भारत विकास परिषद रामगढ़ शाखा लगातार समाजहित में इस प्रकार के आयोजन करती रही है और आगे भी इसके लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि चतुर्थ सामूहिक विवाह समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं।
पूर्व अध्यक्ष एवं सह संयोजक अमित साहू ने कहा कि यह समारोह न केवल भव्य होगा बल्कि रामगढ़ के लिए गौरव का अवसर भी बनेगा। समारोह के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सहयोग पहुँचाने का लक्ष्य हासिल होगा।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से सचिव मनमोहन सिंह लांबा, उपाध्यक्ष आनंद सर्राफ, कोषाध्यक्ष रामप्रवेश गुप्ता, संस्कार प्रमुख प्रदीप कुमार शर्मा, सेवा प्रमुख उमेश राजगढ़िया, पूनम सिंह, निलेश गुप्ता, आलोक कुमार अग्रवाल सहित कई सदस्य उपस्थित थे। भारत विकास परिषद ने गुरुनानक स्कूल के प्रधान परमजीत सिंह कालरा एवं स्कूल कमिटी को धन्यवाद दिया, जिन्होंने कार्यक्रम हेतु गुरुनानक ऑडिटोरियम निःशुल्क उपलब्ध कराया।