रामगढ़, झारखंड : बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कई बूथों में मतदाताओं की संख्या बढ़ जाने के कारण नए बूथों का निर्माण किया गया है। वहीं कुछ जर्जर बूथों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर नए भवनों में शिफ्ट किया गया है। इसी संबंध में रामगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और एल.आर.डी.सी द्वारा एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित भाजपा महामंत्री ऋषिकेश सिंह ने कई सुझाव देते हुए कहा कि रामगढ़ में एसआइआर को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाया जा रहा है, जिससे लोग भयभीत हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि जनता को संतुष्ट करने व भ्रम दूर करने के लिए एसडीओ और एलआरडीसी की ओर से औपचारिक प्रेस रिलीज जारी की जाए, ताकि लोगों को साफ जानकारी मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड में अब तक एसआइआर के लागू होने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। यदि भविष्य में ऐसा कोई निर्णय लिया जाता है, तो संबंधित विभाग के पदाधिकारी डोर-टू-डोर संपर्क कर जनता को जानकारी देंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
बैठक में उपस्थित विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने भी बूथों की स्थिति, मतदाता सुविधा और व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव दिए।