कर्रा (खुँटी), झारखंड। कर्रा अंचल के राजस्व उप निरीक्षक एवं प्रभारी अंचल निरीक्षक दीपक कुमार कुजूर की लिखित शिकायत पर जिले के दो पत्रकार—सोनू अंसारी और विश्वकर्मा उरांव उर्फ विशु—के खिलाफ कर्रा थाना में मामला दर्ज किया गया है। दोनों पर ब्लैकमेलिंग, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, झूठी खबर फैलाने और अंचल कार्यालय की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत की जांच के बाद अंचल अधिकारी, कर्रा द्वारा थाना प्रभारी को औपचारिक पत्र भेजा गया, जिसके आधार पर दोनों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 221, 308, 351, 352, 356 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना 18 नवंबर 2025 की बताई गई है। आरोप है कि पत्रकार सोनू अंसारी और विश्वकर्मा उरांव कर्रा अंचल कार्यालय पहुंचे और कार्यालय कर्मियों पर अनुचित दबाव डालते हुए अवैध प्रभाव बनाने की कोशिश की, जिससे सरकारी कार्य बाधित हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार, 24 नवंबर 2025 को सोनू अंसारी ने अपने फेसबुक अकाउंट से अंचल कार्यालय का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें झूठी एवं अपमानजनक बातें साझा की गईं। इससे पहले विश्वकर्मा उरांव भी वही वीडियो पोस्ट कर चुका था।
दर्ज केस में यह भी उल्लेख है कि सोनू अंसारी इससे पहले भी विवादित गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ कर्रा थाना में पूर्व से ही कई मामले विचाराधीन हैं। इधर, पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।