रांची, झारखंड: झारखंड में बहुचर्चित शराब घोटाले के सिलसिले में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए आईएएस अधिकारी विनय चौबे समेत चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा हाल ही में की गई गिरफ्तारी के बाद की गई है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, निलंबित अधिकारियों में शामिल हैं:
विनय चौबे, तत्कालीन उत्पाद सचिव (IAS)
गजेंद्र सिंह, संयुक्त उत्पाद आयुक्त
सुधीर कुमार, पूर्व महाप्रबंधक, JSBCL और वर्तमान में जियाडा के रीजनल डायरेक्टर
सुधीर कुमार दास, वर्तमान जीएम (फाइनेंस), JSBCL
ACB की जांच में इन अधिकारियों की भूमिका घोटाले में संलिप्त पाई गई, जिसके बाद गिरफ्तारी के साथ-साथ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई। अब सरकार ने इन्हें निलंबन के दायरे में लेते हुए पद से हटाने का निर्णय लिया है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला झारखंड राज्य बीवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JSBCL) से जुड़ा हुआ है, जहाँ करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच जारी है। मामले में और भी अधिकारियों व निजी ठेकेदारों की भूमिका की जांच की जा रही है।
शासन ने जताई सख्ती, जांच और तेज
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि घोटाले में शामिल किसी भी अधिकारी या कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। ACB अब अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच की जा रही है।