गिद्दी, (रामगढ़): झारखंड के रामगढ़ ज़िले के बड़काचुंबा गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक युवती द्वारा घर से भागकर विवाह रचाने के बाद नाराज़ परिजनों ने उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर डाला। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गांव की युवती कुछ दिन पहले एक युवक के साथ घर से भाग गई और विवाह कर लिया। इस प्रेम विवाह से आहत परिजनों ने गुरुवार को गांव के श्मशान घाट में युवती का पुतला बनाकर अंतिम संस्कार किया। पिता ने पारंपरिक विधि से मुखाग्नि दी और घोषणा की कि बेटी अब उनके लिए मृत समान है।
इतना ही नहीं, परिवार ने तीन दिनों के भीतर श्राद्ध कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी कही है। अंतिम संस्कार के दौरान गांव के अन्य परिजन और स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।
परिवारजनों ने स्पष्ट कहा है कि युवती से अब उनका कोई संबंध नहीं है और उसे कभी भी घर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। गांव में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।