■ उपायुक्त ने दिया निर्देश : आकस्मिक परिस्थितियों के लिए जिले के सभी क्षेत्रों में तैयार करें स्वास्थ्य मित्र, सीपीआर एवं फर्स्ट एड की इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण दे
■ सभी पंचायतों में पुस्तकालय खोलने का दिया निर्देश, स्थल चयन करें प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी
रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले में चल रहे विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को नवपदस्थापित उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वप्रथम उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। जिसके उपरांत जिले में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी के क्रम में अधिकारियों द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। बैठक के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सिविल सर्जन, समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शाखा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा सहित अन्य अधिकारियों के द्वारा पीपीटी के माध्यम से अपने-अपने कार्यालयों में चल रही योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी विस्तृत रूप से उपायुक्त को दी गई।
मनरेगा में अधिक मानव दिवस का सृजन का उपायुक्त ने दिया निर्देश
बैठक में मनरेगा संबंधित कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस सृजित करने एवं लाभुकों को रोजगार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने लाभुकों को ससमय मानदेय का भुगतान करने का निर्देश दिया। लंबित योजनाओं की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने तीव्र गति से कार्य करते हुए योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने योजनाओं में डुप्लीकेसी न होने देने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं के तहत हो रहे कार्यों का जायजा लेने एवं नियमित रूप से कार्य प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया। राजस्व संबंधित कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने नीलाम पत्र वादों के निष्पादन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी को अपने स्तर से बैठक आयोजित कर कार्य करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए वही स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में उपयुक्त में सदर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की ससमय उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया । बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी पंचायतों में पुस्तकालय खोलने का निर्देश दिया। इसके लिए उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्र में स्थल चिन्हित करने एवं प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य संबंधित आकस्मिक परिस्थितियों में कार्य करने को लेकर जिले के सभी क्षेत्रों में स्वास्थ्य मित्र तैयार करने का निर्देश सिविल सर्जन डॉ महालक्ष्मी प्रसाद को दिया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य मित्रों को स्वास्थ्य संबंधित आकस्मिक स्थिति के दौरान सीपीआर एवं फर्स्ट एड किट इस्तेमाल करने को लेकर प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।