रामगढ़ पुलिस की सतर्कता से चोरी की बाइक बरामद, बोकारो थर्मल से हुई थी चोरी

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और सतर्क गश्ती दल की कार्रवाई से एक चोरी की गई मोटरसाइकिल को बरामद किया गया है। यह बाइक बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र से कुछ दिन पहले चोरी हुई थी।

गुरुवार सुबह लगभग 4:30 बजे, रामगढ़ थाना का विशेष गश्ती दल क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग पर था। इसी दौरान रांची रोड के निकट एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल को संदिग्ध स्थिति में घुमते हुए देखा गया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर बाइक चालक ने तेजी से बाइक भगाई और एक संकरी गली में घुस गया। गली में पहुंचकर वह अंधेरे का फायदा उठाते हुए मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर मामले की जानकारी आसपास के जिलों की पुलिस को साझा की। सूचना के बाद पता चला कि यह मोटरसाइकिल बोकारो जिले के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र से 26 मई की शाम करीब 7 बजे चोरी हुई थी।

मोटरसाइकिल की पहचान संख्या JH09 AS 3370 से की गई, जो बीटीएस सेंट्रल मार्केट से चोरी हुई थी। इस संबंध में बोकारो थर्मल थाना में कांड संख्या 48/25 दर्ज है।

जैसे ही बरामदगी की सूचना बोकारो थर्मल थाना को दी गई, वहां से सब इंस्पेक्टर कृष्णा उरांव और वाहन मालिक शेख इमामुद्दीन रामगढ़ थाना पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बाइक को साथ ले गए।

पुलिस की सक्रियता से अपराधियों को झटका

रामगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई बताती है कि गश्ती दल की सतर्क निगरानी अपराधियों के लिए चुनौती बन रही है। बरामदगी से न सिर्फ एक वाहन मालिक को राहत मिली है, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था की मज़बूती का संकेत भी मिला है।