पतरातू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पांडेय गिरोह का सक्रिय सदस्य जानकी साव गिरफ्तार

Spread the love

पतरातू, (रामगढ़): पतरातू पुलिस ने गुरुवार को एक अहम कार्रवाई करते हुए कुख्यात पांडेय गिरोह का एक सक्रिय सदस्य जानकी साव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी जानकी साव, पिता जुगेश्वर साव, वर्तमान निवासी पतरातू बस्ती और स्थायी निवासी तेलियाडीह, टंडवा है। उस पर पतरातू थाना में  आर्म्स एक्ट  के तहत मामला दर्ज है।

गिरफ्तारी के बाद जानकी साव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान तेज

पुलिस ने स्पष्ट किया कि पांडेय गिरोह सहित अन्य संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस गिरफ्तारी को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जानकी साव की गिरफ्तारी से गिरोह की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है, और अन्य संदिग्धों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।