पंच कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Spread the love

केदला (रामगढ़): रामगढ़ जिले के वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के बंजी टांग टोला के पास रविवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामेश्वर गंझू (29 वर्ष), निवासी फाकोडीह गांव, के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामेश्वर गंझू अपनी बाइक से टांग टोला की ओर जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार पंच कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने टांग टोला मुख्य मार्ग को मुआवजे और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग को लेकर जाम कर दिया। सूचना मिलते ही वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था, और ग्रामीण प्रशासन से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।