गोला (रामगढ़): रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर तोयर हुप्पू स्थित जेएसईबी सब स्टेशन के पास रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्ची सनम कुमारी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ओडी कार (JH 05 AR 9999) की चपेट में आने से बाइक पर सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान अमित मुंडा (20 वर्ष), उसकी छोटी भांजी मनन कुमारी (5 वर्ष) और उसकी मां संजु देवी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सनम कुमारी को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि अमित मुंडा, महलीडीह गांव का निवासी है और अपने बड़े भाई इंद्रजीत मुंडा के ससुराल गोपो (बोकारो) से अपने परिजनों को हीरो स्प्लेंडर बाइक पर लेकर लौट रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भाग रही कार को रोककर पुलिस को सौंप दिया। घटना से इलाके में शोक का माहौल है और मृत बच्ची के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गोला पुलिस घटना की जांच में जुटी है।