रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ जिले में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला खनन विभाग ने रामगढ़ थाना क्षेत्र के गढ़ बांध के पास दामोदर नदी के किनारे अवैध रूप से भंडारित 17 ट्रैक्टर बालू को जब्त किया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक द्वारा किया गया। बालू को जब्त करने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से सभी ट्रैक्टरों में बालू लोड कर खनन विभाग कार्यालय परिसर में जमा कराया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के दिशा-निर्देशों के तहत 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदी से बालू उठाव पर रोक लागू रहेगी।
इस छापेमारी को रामगढ़ उपायुक्त के निर्देश पर अंजाम दिया गया, जिसका उद्देश्य मानसून के दौरान पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
खनन विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।