रामगढ़, झारखंड: झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार 10 जून से 26 जून तक पूरे राज्य में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रामगढ़ जिले में मंगलवार को अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।
जिला उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर उप विकास आयुक्त श्री रोबिन टोप्पो ने जिला समाहरणालय परिसर से दो एलईडी जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से जिले के सुदूरवर्ती और सार्वजनिक स्थानों पर नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर से वाहनों के रूट चार्ट व सामग्री के बारे में जानकारी ली और व्यापक प्रचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एलईडी वाहनों में राज्य सरकार द्वारा तैयार किए गए ऑडियो-विज़ुअल कंटेंट के माध्यम से नशा उन्मूलन के संदेशों का प्रसारण किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री सिद्धार्थ शंकर चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।