गिद्दी रोड सेल से जुड़े मामले को लेकर सीबीआई की छापेमारी
परियोजना कार्यालय समेत रोड सेल से जुड़े चार लोगों के यहां छापामारी
रामगढ़ ( गिद्दी ) :रामगढ़ जिला स्थित सीसीएल के अरगड्डा पक्षेत्र के गिद्दी ए कोलियरी लोकल सेल से जुड़े चार लोगों के यहा सीबीआई ने गुरुवार को छापामारी की है। गुरुवार की सुबह लगभग 10 बजे चार वाहनों पर सवार होकर सीबीआई के 20 लोग पहुंचे तथा गिद्दी परियोजना कार्यालय समेत चार लोगों के यहां छापामारी की।
चार लोगों डिस्पैच ऑफिसर अयोध्या करमाली, कांटा बाबू प्रकाश करमाली, रोड सेल क्लर्क मुकेश कुमार तथा सेल के लिए पैसा वसूलने वाला प्राइवेट आदमी आशीष करमाली के यहां छापामारी की गयी। मिल रही जानकारी के अनुसार डिस्पैच ऑफिसर अयोध्या करमाली का मकान रामगढ़ बाजार टांड़ स्थित सिदो कान्हू मैदान के पीछे है और वहां भी छापामारी चल रही है। जानकारी के अनुसार कोयला बिक्री के लिए चलने वाले रोड सेल में भारी गड़बड़ी की शिकायत के बाद सीबीआई ने जांच प्रारंभ की थी। इससे पूर्व भी छह मार्च को सीबीआई ने रोड सेल को लेकर गिद्दी क्षेत्र में कार्रवाई की है। हाल के दिनों में रामगढ़ कोयलांचल में सीबीआई की सक्रियता बढ़ी हुई है। कई लोगों को रिश्वत लेते भी दो माह के भीतर सीबीआई पकड़ चुकी है।
बताया जा रहा है कि जिले के अन्य क्षेत्रों के रोड सेल पर भी सीबीआई की नजर है तथा जिले में चलने वाले अन्य रोड सेल पर भी कार्रवाई हो सकती है। आज की कार्रवाई के बाद जिले भर के सीसीएल हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।