परिवार को अगवा करने की धमकी देकर 80 लाख रुपये की ठगी, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ जिले में एक चौंकाने वाली ठगी की घटना सामने आई है, जिसमें बच्चों और परिवार के अपहरण की धमकी देकर एक व्यक्ति से करीब 75 से 80 लाख रुपये ठग लिए गए। इस मामले में रामगढ़ थाना में कांड संख्या 145/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पीड़ित द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, 5 मार्च 2025 को उसे एक कॉल आया जिसमें अनिकेत वर्मा नामक व्यक्ति ने उसकी दो बेटियों और पत्नी के अपहरण की धमकी दी और इसके बदले एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। धमकी से भयभीत होकर पीड़ित ने आरोपी द्वारा दिए गए बैंक खातों, यूपीआई और क्यूआर कोड में 6 मार्च से 22 मार्च 2025 तक लगातार भुगतान किया।

शिकायत में कहा गया है कि इतनी बड़ी राशि देने के बावजूद भी आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं और अधिक पैसे की मांग कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिकेत वर्मा के अलावा आकाश कुमार, सूरज कुमार साव, कोमल कुमारी, सनी रवानी और नंदनी साव सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया है।

पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मंगलवार को धनबाद जिले से तीन आरोपियों – कोमल कुमारी, सनी कुमार और आकाश कुमार साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह मामला साइबर ठगी और संगठित धमकी गिरोह का प्रतीक है, और पीड़ितों को तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।