रामगढ़ , झारखंड: लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रामगढ़ जिला जनसंपर्क कार्यालय ने आमजन की सुरक्षा को लेकर एक आवश्यक सावधानी एवं दिशा-निर्देशों से भरी एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी नागरिकों को संभावित बाढ़, जलभराव, बिजली कटौती, यातायात अवरोध और अन्य आपात स्थितियों से बचाने के उद्देश्य से जारी की गई है।
क्या करें?
घर के अंदर ही रहें और आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें।
सुरक्षात्मक कपड़े पहनें और खिड़की-दरवाजों से दूर रहें।
तूफान के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।
लगातार बारिश के बीच मौसम की जानकारी और आपातकालीन अलर्ट पर ध्यान दें।
मच्छरों और संक्रमण से बचने के लिए साफ पानी पिएं और सड़क किनारे के खाद्य पदार्थों से बचें।
क्या न करें?
नदियों, नालों, अंडरपास, निचले इलाकों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें।
भारी बारिश में वाहन न चलाएं – दृश्यता कम होती है और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
बाढ़ वाले रास्तों से गाड़ी न निकालें – सतह से गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है और वाहन फंस सकता है।
टूटे बिजली के तारों से दूर रहें और तुरंत अधिकारियों को सूचित करें।
घर के भीतर जेनरेटर का उपयोग न करें, इससे घातक कार्बन मोनोऑक्साइड उत्पन्न हो सकती है।
बाढ़ के पानी में तैरने या खेलने से बचें, इसमें मलबा, कीचड़, करंट या संक्रमण हो सकता है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि यह समय सावधानी और सामूहिक जिम्मेदारी का है। नागरिकों से अपील है कि अफवाहों से बचें, अधिकृत जानकारी पर भरोसा करें और कोई भी आपात स्थिति होने पर संबंधित विभाग से तुरंत संपर्क करें।