कोची नदी में तेज बारिश से पुल बहा, दुलमी और चितरपुर प्रखंडों का संपर्क टूटा

Spread the love

दुलमी (रामगढ़): दुलमी प्रखंड क्षेत्र के कोची नदी में बना पुल शुक्रवार को तेज बारिश में टूट कर बह गया। पुल बहने से आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया और दो प्रखंडों का संपर्क आपस में टूट गया। पुल बहने से दुलमी और चितरपुर प्रखंड के दर्जनों गांवों का संपर्क आपस में कट गया है।  दुलमी के दर्जनों गांव के छोटे-बड़े व्यवसायी, फेरी वाले, गाड़ियों का चितरपुर-रामगढ़ के लिए इस पुल से आवागमन होता था। लेकिन पुल बह जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अब इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को पांच से 10 किमी अत्यधिक दूरी तय कर चितरपुर जाना पड़ेगा। जिससे समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।  रोजगार को लेकर प्रतिदिन सैकड़ों लोग सुबह शाम इसी मार्ग से चितरपुर जाते आते हैं।

धीमी गति से हो रहा है नये पुल का निर्माण  

कोची नदी में बारिश से बहे पुल के बगल में करोड़ों की लागत से नया पुल का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन कार्य में इस कदर सुस्ती है कि पुल इसबार भी नहीं पूरा हो पायेगा और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि नया पुल निर्माण की वजह से पुराना पुल बह गया है। ग्रामीणों ने कहा पुराना पुल से होकर आवागमन के लिए तत्काल मिट्टी भरना होगा, तब जाकर किसी तरह आवागमन चालू हो सकता है।