अरगडा (रामगढ़) : नयीसराय–गिद्दी मार्ग पर बुधवार सुबह करीब 10 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अरगड़ा चेकपोस्ट के समीप एक टेंपो (JH 02BD 0851) असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में टेंपो में सवार कई महिलाएं, एक युवती और चालक घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के वक्त गिद्दी की ओर से आ रहा टेंपो जैसे ही मोड़ पर पहुंचा, संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया। इसी दौरान संयोगवश मांडू विधायक निर्मल महतो उस मार्ग से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। उन्होंने सड़क पर घायलों को देख तत्काल मानवीय पहल करते हुए अपने वाहन से उन्हें नईसराय स्थित अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में सोनी देवी, खुशबू कुमारी, पूनम कुमारी, स्वेता कुमारी, रीना देवी, लक्ष्मी कुमारी, मारूती कुमारी, रितिका कुमारी, नीलम कुमारी, रीता कुमारी, फुलो देवी, रितु कुमारी, चालक शाहिद समेत कई अन्य महिलाएं और छोटे बच्चे शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, उक्त टेंपो प्रतिदिन गिद्दी व कनकी से महिलाओं और युवतियों को रांची रोड स्थित एक सिलाई सेंटर ले जाता है। बुधवार को भी इसी क्रम में सभी महिलाएं सवार थीं, जब यह दुर्घटना घटी।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी घायलों की मदद की और सड़क पर जाम जैसी स्थिति से निपटने में सहयोग किया। फिलहाल घायलों का प्राथमिक उपचार चल रहा है और सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। एक घायल को रांची रेफर किया गया है
यह हादसा न केवल सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि यदि राह चलते लोग संवेदनशीलता दिखाएं, तो समय पर सहायता देकर बड़ी जनहानि से बचा जा सकता है।