रामगढ़ में दो सॉस फैक्ट्रियों पर खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी, 1600 लीटर सॉस जब्त

Spread the love

नकली सॉस बनाने वाली दो फैक्ट्रीयों में छापामारी के बाद किया गया सील

फैक्ट्री को सील करते जांच दल के लोग

रामगढ़, झारखंड : जिला प्रशासन की ओर से खाद्य सुरक्षा को लेकर की गई कार्रवाई में रामगढ़ शहर की दो सॉस फैक्ट्रियों पर छापेमारी की गई। यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ महालक्ष्मी प्रसाद के निर्देश पर की गई, जिसे जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी  दीपश्री के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।

सेवईया गढ़ा क्षेत्र स्थित सोनी फूड प्रोडक्ट्स, जो मुस्कान ब्रांड के नाम से सॉस का उत्पादन करता है, की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच दल ने मौके से लगभग 1600 लीटर सॉस जब्त किया। बताया गया कि इससे पूर्व भी इस फैक्ट्री के तीन सॉस नमूने जांच में फेल पाए गए थे, और मामला न्याय निर्णायक पदाधिकारी (अपर समाहर्ता) की अदालत में विचाराधीन है। इसके बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया।

इसके बाद टीम ने पारसोतिया क्षेत्र में स्थित स्वास्तिक भंडार पर कार्रवाई की, जो संजय प्रसाद अग्रवाल द्वारा संचालित है। हालांकि सूचना लीक होने के कारण फैक्ट्री को पहले ही बंद कर दिया गया था, लेकिन वहां की उत्पादन प्रक्रिया संदिग्ध पाए जाने के कारण उसे सील कर दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि इन फैक्ट्रियों से तैयार किए गए सॉस को स्थानीय बाजार, छोटे दुकानदारों और ठेले पर फास्ट फूड बेचने वालों को आपूर्ति किया जाता था। इन सॉस में कोहड़ा (लौकी) के पल्प, रंग, सैकरीन एवं हानिकारक रसायनों का उपयोग किया जा रहा था, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक सिद्ध हो सकते हैं।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी और खाद्य मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।