रामगढ़, झारखंड : श्री कृष्ण विद्या मंदिर में बुधवार 25 जून 2025 को “स्क्रीन समय के उपयोग” विषय पर एक विचारगोष्ठी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाषण तथा चित्रों के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस कार्यक्रम में कक्षा 11 की छात्रा श्वेता कुमारी, कक्षा 12 (विज्ञान संकाय) की छात्रा गायत्री कुमारी एवं छात्र अनुपम कुमार, कक्षा 8 की इच्छा रानी तथा कक्षा 7 की उर्वशी कुमारी ने प्रभावशाली भाषण दिए। उन्होंने मोबाइल और टीवी के अधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों जैसे नींद की कमी, तनाव, गर्दन व पीठ दर्द, एकाग्रता में कमी और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
मंच का सफल संचालन शिक्षिका श्रीमती उषा सिंह द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने चार्ट पेपर पर सुंदर चित्रों के माध्यम से स्क्रीन समय के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया और यह संदेश दिया कि स्क्रीन का अत्यधिक उपयोग हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है।
इस अवसर पर कंप्यूटर विषय की शिक्षिका श्रीमती गुरप्रीत कौर ने भी स्क्रीन समय को लेकर अपने विचार साझा किए और विद्यार्थियों को संतुलित उपयोग की सलाह दी। खेल शिक्षक श्री मनोरंजन चौधरी ने भी विद्यार्थियों को शारीरिक गतिविधियों के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा। यह आयोजन न केवल जानकारीपूर्ण रहा, बल्कि विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव भी सिद्ध हुआ।