माया टुंगरी स्थित महामाया मंदिर में साढ़े तीन लाख की चोरी

Spread the love

रामगढ, झारखंड: सोमवार 23/06/2025 की रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा महामाया मंदिर मायाटुंगरी, कांकेबार, रामगढ़ में चोरी की गंभीर घटना को अंजाम दिया गया।

चोरों ने मंदिर के मुख्य लोहे के दरवाजे एवं अंदर के दरवाजे पर लगे ताले व कुण्डी को तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और मंदिर के गर्भगृह से प्रति‍मा से जुड़ी धातु सामग्री एवं अन्य बहुमूल्य सामानों की चोरी कर ली। चोरी गए प्रमुख सामान इस प्रकार हैं:

  1. 10 ग्राम सोने का नथिया

  2. 5 ग्राम सोने का टीका

  3. सोने का पानी चढ़ा दो नेकलेस

  4. लगभग आधा किलो चांदी के तीन मुकुट

  5. चांदी के चार छत्र

  6. दो दान पेटियों से लगभग ₹10,000 नगद

  7. सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर मशीन

  8. एलईडी टीवी

  9. चांदी एवं पीतल के बर्तन

सभी चुराए गए सामानों की अनुमानित कुल कीमत लगभग ₹3,50,000 है।

निकाला गया सीसीटीवी का डीवीआर

इस घटना की जानकारी दिनांक 24/06/2025 की सुबह ग्रामीणों द्वारा मंदिर समिति को दी गई, जिसके बाद मंदिर समिति के लोग मंदिर परिसर गए और आसपास के क्षेत्रों (झाड़ियों आदि) में चोरी गए सामान की खोज की, परंतु कोई सफलता नहीं मिली। स्थानीय स्तर पर चोरों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

गौरतलब है कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, परंतु चोर डीवीआर मशीन और टीवी भी साथ ले गए, जिससे फुटेज भी उपलब्ध नहीं हो सका। इससे पहले भी मंदिर में चोरी की घटनाएं घट चुकी हैं। इस संबंध में मंदिर समिति के सचिम झलकदेव महतो ने रामगढ़ थाना में आवेदन दिया है।

मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने रामगढ़ थाना प्रभारी से उपरोक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए आवेदन को स्वीकार करते हुए अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।