रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत खनन विभाग ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जमा की गई बालू और स्टोन चिप्स को जब्त किया। यह अवैध खनिज सामग्री बाजार समिति के पीछे एक स्थान पर जमा की गई थी।
48 सौ सीएफटी बालू और 12 सौ सीएफटी चिप्स बरामद
खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर मौके से 4800 सीएफटी बालू और 1200 सीएफटी स्टोन चिप्स बरामद किया। इसके साथ ही चिप्स लदा एक ट्रैक्टर भी जप्त किया गया है, जो बिना वैध कागजात के खनिज परिवहन कर रहा था।
थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी
खनन विभाग ने जब्त किए गए ट्रैक्टर और खनिज सामग्री के संबंध में रामगढ़ थाना में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संबंधित धाराओं के तहत खनिज अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त
जिला प्रशासन और खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस प्रकार की कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।