रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मांडू पुलिस को गुरुवार की सुबह एक बड़ी सफलता मिली है। मांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत रिलायंस पेट्रोल पंप के पास से एक 14 चक्का ट्रक को पकड़ा गया, जिसमें करीब 40 मीट्रिक टन अवैध कच्चा कोयला लदा हुआ था।
सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक संख्या WB 37E/2903 में अवैध कोयला दनिया वन क्षेत्र (बोकारो जिला) से लोड कर रामगढ़ के रास्ते बाहर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही एसपी ने मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
खेराजरा टोला के पास पकड़ा गया ट्रक
थाना प्रभारी सदानंद कुमार ने अपने दल के साथ मिलकर रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप खेराजरा टोला में ट्रक को रोकने में सफलता पाई। हालांकि पुलिस को नजदीक आते देख ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर पास के जंगल की ओर फरार हो गए।
मामला दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
मांडू पुलिस ने इस मामले में ट्रक मालिक, चालक और अन्य संबंधित तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है। जप्त किए गए ट्रक को मांडू थाना परिसर में लाकर खड़ा कर दिया गया है।