रामगढ़, झारखंड :रामगढ़ जिला के दुलमी प्रखंड अंतर्गत कुलहि पंचायत के उरवा गांव में राजस्व रिकॉर्ड (रजिस्टर-2) के गायब हो जाने से ग्रामीणों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रसीद नहीं कट पाने की वजह से न तो भूमि से संबंधित कार्य हो पा रहे हैं और न ही विद्यार्थियों के आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र बन पा रहे हैं।
इस प्रशासनिक लापरवाही से गांव के विद्यार्थियों का शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा है और उन्हें स्कूलों एवं कॉलेजों में दाखिला, छात्रवृत्ति आदि में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस गंभीर समस्या को लेकर आज उरवा गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने रामगढ़ की विधायक श्रीमती ममता देवी के नेतृत्व में झारखंड के राजस्व एवं भूमिसुधार मंत्री दीपक बिरुवा से प्रोजेक्ट भवन रांची में मुलाकात किया। ग्रामीणों ने मंत्री को पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी दिया और शीघ्र समाधान का मांग किया।
मंत्री श्री दीपक बिरुवा ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द समाधान का भरोसा दिलाया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया।
विधायक ममता देवी ने भी प्रशासन से मांग की है कि रजिस्टर-2 की पुनः उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता एवं विशेषकर विद्यार्थियों को राहत मिल सके।