रविवार को दो घंटे हुयी बारिश ने खोली रामगढ़ शहर के जलनिकासी व्यवस्था की पोल, हर मुहल्ले में जलजमाव से लोग परेशान रहे, दीवार गिरने से एक की मौत

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ शहर में रविवार को दिन के दो बजे से दो घंटे के करीब हुई मूसलाधार बारिश ने शहर के जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। हालांकि आंकड़ों के अनुसार बहुत अधिक बारिश नहीं हुई। लेकिन दो घंटों तक लगातार मूसलाधार बारिश हुई। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार रविवार के दिन के 10 बजे से सोमवार को दिन के 10 बजे तक 69.6 मीलीमीटर वर्षा हुई। इससे पूर्व शनिवारके दिन के 10 बजे से रविवार दिन के 10 बजे तक 22.4 मीलीमीटर वर्षा हुई थी। रविवार को दो घंटे की हुई लगातार वर्षा ने शहर में तबाही का मंजर बना दिया था। लोगों को कहना था कि अभी तो बरसात की शुरुआत हुई है, पूरा बरसात बाकी है। इस वर्ष ना जाने क्या होगा।

हर ओर पानी ही पानी नजर आ रहा था

रविवार को हुई दो घंटे की बारिश ने शहर में तबाही की स्थिति बना दी थी। शहर के लगभग हर मुहल्ले में जलजमाव से लोग परेशान रहे। किसी मुहल्ले में थोड़ा कम तो किसी मुहल्ले में भारी जल जमाव से लोग परेशान रहे। टायर मोड़ से लेकर न्यू शांति सिनेमा तक दो फुट से उपर पानी जम गया था। जो देर रात तक क्लीयर हो पाया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करन पड़ा। सोमवार की सुबह से तक जलजमाव की स्थिति पूरी तरह से खत्म नहीं हो पायी थी। अनेक मुहल्लो में लोगों ने घरों में पानी घुसने से पहले मंजिल या दूसरों के घरों में पनाह लेकर रात बितायी। रविवार को जिन स्थानों पर जललमाव हुआ था उन स्थानों पर सोमवार को भी पूरे तौर पर पानी नहीं निकला है तथा जहां पानी निकला है वहां मलबा व कचड़ा जमा हो गया है। इन क्षेत्रो में हप्तो मलबा व कचड़ा साफ करने में लगेगा। जलजमाव से लोगों को परेशानी के साथ-साथ सामान की बर्बादी व आर्थिक नुकसान भी हुआ।रविवार की बारिश ने छावनी परिषद, नगर परिषद व स्थानीय प्रशासन को यह बताने का काम किया है कि अगर शीघ्र ही जलनिकासी की व्यवस्था पर गंभीर पहल नहीं किया गया तो आने वाले समय व वर्षा के दिनों में पूरे बरसात रामगढ़ शहर नर्क बना रहेगा।

बारिश में दीवार गिरने से एक की मौत

रविवार को हुई दो घंटे के भारी बारिश में जहां हर मुहल्ले के लोग जलजमाव से परेशान रहे। वहीं दूसरी हो बारिश के तुरंत बाद रामगढ़ बिजली ऑफिस के एक हिस्से की दीवार गिर पड़ी तथा दीवार के दूसरे ओर रखे तेल के ड्रम आदि रास्ते पर गिर गये। इसमें दब कर एक युवक की मौत हो गयी। हालांकि इस संबंध में युवक के घर वालों ने कोई मामला न दर्ज कराते हुये युवक के शव को लेकर अपने पैतृक गांव चले गये।

बिजुलिया तालाब से भी पानी का होने लगा था रिसाव

भारी बारिश में रविवार को  बिजुलिया तालाब से पानी का रिसाव होने लगा था। इससे स्थानीय लोग दहशत में आ गये थे। लोगों ने छावनी परिषद, नगर परिषद, जिला के अधिकारी समेत विधायक व सांसद प्रतिनिधियों को फोन कर इसकी जानकारी दी। इस नगर परिषद व अन्य संस्थाओं के अधिकारी व कर्मचारी जुट कर रिसाव स्थल पर बालू के बोरे आदि को रख कर बिजुलिया तालाब के बांध को टूटने से बचाया गया।