रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले के पतरातू स्थित नलकारी जलाशय (डैम) का जल स्तर बढ़ने के कारण सोमवार, 1 जुलाई की शाम लगभग 6 बजे डैम के दो फाटक खोले गए। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जलाशय का जलस्तर खतरनाक सीमा के करीब पहुंच गया था, जिसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से यह एहतियाती कदम उठाया गया।
प्रशासन ने रविवार से ही चेतावनी जारी कर दी थी, जिसमें आम नागरिकों से अपील की गई थी कि वे नदी तट और निचले इलाकों से दूर रहें। जलाशय प्रबंधन के अनुसार, सामान्यतः 1330 आर.एल. (रेफरेंस लेवल) पर फाटक खोले जाते हैं, लेकिन डैम की उम्र को देखते हुए अब 1328 आर.एल. पर ही फाटक खोले जाने का प्रावधान है।
इस बार लगातार बारिश के कारण 1327.70 आर.एल. पर ही दो फाटक खोलने का निर्णय लिया गया, ताकि जल का दबाव नियंत्रित किया जा सके और किसी प्रकार की आपदा की संभावना से बचा जा सके।
क्या आगे और फाटक खुलेंगे ?
यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है और जलस्तर बढ़ता है, तो डैम के अन्य फाटकों को भी क्रमिक रूप से खोला जा सकता है। जानकारी के अनुसार, पतरातू डैम में कुल 8 फाटक हैं, जिन्हें अत्यधिक वर्षा या आपातकालीन स्थिति में पूरी तरह खोला जाता है।
प्रशासन की अपील
रामगढ़ जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन सावधानी बरतें और नदी के किनारों या निचले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। यह कदम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।