पतरातू डैम के चार फाटकों से हो रही जल निकासी, सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क

Spread the love

पतरातू, रामगढ़ (झारखंड): पतरातू डैम से जलस्तर में तेजी से वृद्धि और भारी बारिश के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए चार फाटकों को खोल दिया है। बुधवार देर रात फाटक संख्या 3 और 6 को तीन-तीन इंच खोलने के बाद अब कुल चार फाटकों से पानी छोड़ा जा रहा है। इससे डैम से 620.62 क्यूसेक पानी प्रति घंटे की दर से निकासी की जा रही है।

डैम की सुरक्षा को लेकर इससे पहले फाटक संख्या 4 और 5 को चार-चार इंच तक खोला गया था। लगातार हो रही बारिश और डैम में जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने यह निर्णय लिया है। वर्तमान में पतरातू डैम का जलस्तर 1327.50 आरआरएल तक पहुंच चुका है, जबकि इसकी अधिकतम संग्रहण क्षमता 1332 आरआरएल है।

प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग की टीम अलर्ट मोड में है। स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की अपील की गई है, विशेषकर निचले इलाकों में रहने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।