कुजू, रामगढ़ :जिले के कुजू क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला नयामोड़ फोरलेन चौराहे का है, जहां मंगलवार की दोपहर करीब चार बजे बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला से सोने की चेन लूट ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीएवी आरा के शिक्षक विजय कुमार अपनी पत्नी स्वाति कुमारी के साथ बाइक पर सवार होकर रामगढ़ की ओर जा रहे थे। नयामोड़ चौराहा के पास एक काले-सफेद रंग की KTM बाइक पर सवार अपराधी ने पीछे से आकर अचानक स्वाति कुमारी के गले से चेन झपट ली और तेज गति से फरार हो गया। घटना इतनी जल्दी घटी कि पीड़ित दंपत्ति को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने कुजू ओपी थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना के बाद से अपराधी का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
यह पहली घटना नहीं है – दो दिन पहले ही अग्रसेन डीएवी, भरेचनगर के पास स्पीड ब्रेकर के नजदीक एक अन्य महिला रूबी मल्होत्रा से भी इसी तरह चेन छीनी गई थी, जिसमें वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उस चेन की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। वहीं, पंद्रह दिन पहले एसआरयू यूनिट रांची रोड गेट के पास भी एक महिला को निशाना बनाया गया था।
जिले में चेन छिनतई की बढ़ती घटनाएं अब आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। आए दिन हो रही झपटमारी की वारदातों से यह स्पष्ट है कि गश्ती व्यवस्था में कमी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।