रामगढ़ कैंट, झारखंड :रामगढ़ जिले के कोठार ओवर ब्रिज के समीप मंगलवार कोएक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह बस रांची से हजारीबाग जा रही थी। दुर्घटना में सात यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस जैसे ही कोठार ओवर ब्रिज के पास पहुंची, सड़क किनारे सवारी खड़ी देख चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। उसी वक्त पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक ट्रक ने बस में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर गिर पड़े।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों में किसी की स्थिति गंभीर नहीं है, परंतु दो यात्रियों को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ जारी है। प्रथम दृष्टया मामला अचानक ब्रेक लगाने और ट्रक चालक की लापरवाही का प्रतीत होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोठार ओवर ब्रिज के पास सड़क की स्थिति और ट्रैफिक व्यवस्था सुधार की आवश्यकता है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।