रांची / रामगढ़ (झारखंड) :हरमू हाउसिंग कॉलोनी निवासी एक महिला ने डुमरी के विधायक जयराम महतो समेत तीन व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों, मानहानि और सार्वजनिक रूप से चरित्रहनन से जुड़ा हुआ है।
प्राथमिकी में महिला ने रामगढ़ जिला अंतर्गत गोला थाना क्षेत्र के निवासी उत्तम कुमार महतो और यूट्यूबर बिट्टू सिंह को भी नामजद आरोपी बनाया है। आरोप है कि जेएलकेएम पार्टी से जुड़े यूट्यूब चैनल पर महिला के खिलाफ अशोभनीय और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। बताया गया कि बिट्टू सिंह ने जानबूझकर महिला का नाम लेकर एक वीडियो तैयार किया, जिसमें आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
शिकायतकर्ता सुषमा बड़ाइक ने यह भी आरोप लगाया है कि वीडियो विधायक जयराम महतो के इशारे पर उनके करीबी सहयोगी उत्तम महतो द्वारा तैयार कराया गया। महिला के अनुसार, यह सब एक पुराने केस को वापस लेने के लिए दबाव बनाने की रणनीति के तहत किया गया। उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने समझौते से इनकार किया, तो बदनाम करने की साजिश रची गई।
पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।