दुम्मा सीमा पर विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2025 का हुआ भव्य उद्घाटन

Spread the love

झारखंड-बिहार सीमावर्ती क्षेत्र से हुई एक माह के आस्था पर्व की शुरुआत

देवघर/दुम्मा, झारखंड : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2025 का भव्य शुभारंभ झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित दुम्मा में विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन व नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय और श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर देवघर विधायक सुरेश पासवान, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख समेत अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

कांवरिया पथ पर बनेगा फ्लाईओवर :

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने घोषणा की कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दुम्मा से बाबा बैद्यनाथ धाम तक फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिससे कांवरियों को सड़क पार नहीं करनी पड़ेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अगले मेले तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

जलाभिषेक की व्यवस्था और सुरक्षा चाक-चौबंद :

देवघर प्रशासन ने मेला क्षेत्र में जलाभिषेक की सुविधा हेतु अरघा की व्यवस्था की है। 11 जुलाई से आरंभ हो रहे एक माह के श्रावणी मेले के लिए भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा, परिवहन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालु कल से अरघा के माध्यम से जल चढ़ा सकेंगे।

श्रावणी मेला: 11 जुलाई से 9 अगस्त तक चलेगा :

सावन महीने की शुरुआत के साथ 11 जुलाई से श्रावणी मेला शुरू होगा, जो 9 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान देशभर से लाखों शिवभक्त कांवर लेकर सुल्तानगंज से देवघर तक की पदयात्रा करेंगे।