बरकाकाना (झारखंड) : बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत 6 जुलाई को लापता हुए डुडगी निवासी सऊद अंसारी (24) की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए नामजद आरोपी आफताब अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। उक्त जानकारी बरकाकाना ओपी में पतरातू के एसडीपीओ सहायक पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने पत्रकार सम्मेलन का आयोजन कर दिया ।
मामले की शुरुआत 8 जुलाई को मृतक के पिता मो. सयूब अंसारी द्वारा बेटे की गुमशुदगी की सूचना देने से हुई थी। जांच के क्रम में 11 जुलाई को ग्राम पीरी स्थित अमान अंसारी के बंद पड़े ईंट भट्ठा के गड्ढे से सऊद का शव बरामद किया गया। इसी दिन दर्ज प्राथमिकी (कांड संख्या 177/25) के आधार पर अनुसंधान प्रारंभ हुआ।
गिरफ्तारी व स्वीकारोक्ति बयान :
13 जुलाई को गिरफ्तार आफताब अंसारी (ग्राम- पीरी) ने पूछताछ में बताया कि उसने और एबाद उर्फ आबाद (ग्राम- डुडगी) ने मिलकर सऊद की हत्या की। तीनों आरोपी पहले अमान अंसारी के ईंट भट्ठा में साथ काम कर चुके थे और एक-दूसरे को जानते थे। घटना वाले दिन सऊद, आफताब और एबाद ने नशा किया और बातचीत के क्रम में टर्बो वाहन चोरी करने की योजना बनी, लेकिन सऊद ने इसमें शामिल होने से साफ इनकार कर दिया। इसी विवाद के बाद एबाद ने सऊद पर चाकू से हमला किया और उसकी हत्या कर शव को छिपा दिया। आरोपी आफताब के घर से घटना के समय पहना गया नीला जींस और गाढ़ा नीला हाफ टीशर्ट बरामद किया गया है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास :
गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में भी पतरातू थाना क्षेत्र के कांड संख्या 165/2022 (धारा 380/457 भादंवि) में जेल जा चुका है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी :
इस हत्याकांड के उद्भेदन में सहायक पुलिस अधीक्षक सह पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन किया गया था जिसमें पतरातू, बरकाकाना, भुरकुंडा, भदानीनगर और बासल थानों के पदाधिकारी शामिल थे।