हर मुकाबला है खुद को बेहतर साबित करने का : संजीव बेदिया
संबोधित करते मुख्य अतिथि संजीव बेदिया
रामगढ़, झारखंड : राधा गोविंद विश्वविद्यालय के खेल मैदान में चल रहे CBSE क्लस्टर-III फुटबॉल टूर्नामेंट के पांचवें सोमवार 14/07/2025 को मुकाबले और अधिक रोमांचक हो गए। जैसे-जैसे टूर्नामेंट अपने अंतिम दौर में पहुंच रहा है, खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर है। दर्शकों की भीड़ और खेल का रोमांच दोनों दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। 14 जुलाई को सेमीफाइनल मुकाबलों में ज़ोरदार टक्कर देखने को मिली। आज कुल 14 मैच खेले गए। खिलाड़ियों ने जबरदस्त रणनीति, तेजी और तालमेल का प्रदर्शन किया।
इस टूर्नामेंट में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी संजीव बेदिया ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि आपकी मेहनत ही आपकी पहचान है, खेलो ऐसा कि इतिहास बन जाओ। हर मुकाबला है खुद को साबित करने का। मुख्य अतिथि राधा गोविंद विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार मत मानो हर पल खुद को बेहतर बनाओ। इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्य सभा सदस्य शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने के कारण सर गंगा राम अस्पताल में इलाजरत है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं। संस्था सचिव प्रियंका कुमारी ने भी सभी टीमों का हौंसला बढ़ाया और कहा कि शारीरिक गतिविधियां तनाव कम करने का एक बेहतरीन तरीका है।
आज के प्रमुख मुकाबलों में अंडर – 19 में मनन विद्या मंदिर स्कूल रांची बनाम होली क्रॉस स्कूल हजारीबाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए होली क्रॉस स्कूल ने 1-0 से जीत दर्ज की और फाइनल मैच में अपनी जगह बनाई। आखिरी मिनट में किया गया गोल निर्णायक साबित हुआ। वहीं विद्या भारती चिन्मया स्कूल और टेंडर हर्ट स्कूल रांची के बीच खेले गए मैच में विद्या भारती चिन्मया स्कूल ने मजबूत डिफेंस के साथ 1-0 से मुकाबला को जीतकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। अंडर – 17 के सेमी फाइनल मैच में विद्या विहार रेसिडेंशियल स्कूल बनाम दयावती मोदी स्कूल तथा काशीडीह हाई स्कूल बनाम संत माइकल स्कूल पटना के बीच खेला गया। अंडर – 14 के सेमी फाइनल मैच विद्या निहार पूर्णिया बनाम दयावती मोदी स्कूल और संत माइकल स्कूल बनाम जीबी आरसी के बीच खेला गया।
होली क्रॉस स्कूल टीम के कप्तान नवीन बेक ने कहा, “हमारी टीम एकजुटता के साथ खेल रही है, फाइनल में भी जीत के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे।” वहीं कोच विकास विंडो ने कहा, “हमारी रणनीति पूरी तरह फिट है, बच्चों का आत्मविश्वास फाइनल में दिखेगा।”
पांचवें दिन भी खेल मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का ताली बजाकर हौसला बढ़ाया। विद्यार्थियों के साथ अभिभावक और शिक्षक भी मैदान में पहुंचे। राधा गोविंद शिक्षण संस्थान के प्रबंधन और खेल समिति ने प्रतियोगिता को बेहतरीन ढंग से संचालित किया। खिलाड़ियों के रहने-सहने से लेकर चिकित्सीय सुविधा तक का उत्तम इंतजाम रहा।
मौके पर राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ सुजीत कुमार मोहंती, राधा गोविंद विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो डॉ निर्मल कुमार मंडल, परीक्षा नियंत्रक प्रो डॉ अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, राधा गोविंद इंटर कॉलेज प्राचार्य सोमा पांडेय, डॉ संजय सिंह, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक उपस्थित रहे। 15 जुलाई को होने वाला फाइनल मुकाबला पूरे टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा। खेल प्रेमियों को इस ऐतिहासिक मुकाबले की प्रतीक्षा है।