श्रावणी मेला की पहली सोमवारी पर बाबा मंदिर में आस्था का जनसैलाब, आठ किलोमीटर लंबी कांवरियों की कतार

Spread the love

देवघर (झारखंड) : राजकीय श्रावणी मेला 2025 के चौथे दिन प्रथम सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रातः 4:12 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हुआ। रात्रि से ही कतार में खड़े श्रद्धालुओं की लंबी लाइन चमारीडीह पुल तक पहुँच गई थी। पूरे रूटलाइन पर शिवभक्त “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ अनुशासित ढंग से आगे बढ़ते नज़र आए।

भीड़ की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग लगातार मौके पर मौजूद रहे। राज्य सरकार द्वारा भेजे गए दो अतिरिक्त एसपी—दीपक पांडे और मनोज स्वर्गियारी—भी मॉनिटरिंग में जुटे हैं।

इस वर्ष मेला में वीआईपी व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। डाक बम कांवरियों को भी आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर जलार्पण करना पड़ रहा है।

प्रथम सोमवारी पर अनुमानतः दो लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा नगरी पहुंचे और श्रद्धा-भाव से जलार्पण किया। शहर की फिजा पूरे दिन शिवमय रही।