मांडू (रामगढ़, झारखंड):मांडू प्रखंड अंतर्गत सांडी स्थित मजार के निकट कुम्हार टोली के बगल में पुराने एनएच-33 सड़क के किनारे खाता संख्या 241, प्लॉट संख्या 170/1241 के गैरमजरूवा सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कार्य बेखौफ जारी है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार डीसी, सीओ और संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पूर्व के उपायुक्त चंदन कुमार के कार्यकाल में शिकायत पर उन्होंने कार्य में रोक लगवाया था। उनका तबादला होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। इस पर वर्तमान उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज को भी शिकायत की गयी। इन्होंने भी काम को रुकवाया। लेकिन दो चार दिन काम बंद रहने के बाद पूरी तेजी के साथ काम पुनः प्रारंभ कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक सख्ती के अभाव में जमीन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। यह स्थिति तब है जब पूर्व डीसी द्वारा शुरू किए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान को वर्तमान डीसी ने भी जारी रखने की घोषणा की थी।
दिन के उजाले में पुराने एनएच-33 किनारे अवैध कब्जा साफ देखा जा सकता है, जो सरकारी तंत्र की निष्क्रियता पर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने प्रशासन से इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।