गिरिडीह (झारखंड) : गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। 22 वर्षीय युवक आनंद कुमार यादव की सिर कलम कर हत्या कर दी गई। वह शनिवार रात से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट गावां थाना में दर्ज कराई थी।
पुलिस ने छानबीन के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर मृतक के चचेरे भाई कमलेश यादव (38) को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ के बाद कमलेश ने गला रेत कर हत्या करने की बात स्वीकार की और बताया कि उसने शव को झाड़ियों में फेंका था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार को झाड़ियों से आनंद का धड़ बरामद कर लिया, लेकिन उसका सिर अब तक नहीं मिल सका है। इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है और सिर की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।