भुरकुंडा से शुरू किया था व्यवसाय, रामगढ़ समेत जिला में छाया शोक
रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ जिला के प्रसिद्ध व्यवसायी, समाजसेवी और ‘गौशाना’ वाशिंग पाउडर एवं साबुन के संस्थापक अशोक अग्रवाल का मंगलवार 22 जुलाई 2025 की शाम लगभग 8:00 बजे रांची के सेंफोर्ड अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से रामगढ़, भुरकुंडा और आस-पास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार, तीन दिन पूर्व वे अपने घर के बाथरूम में गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ। तत्काल उन्हें रांची ले जाया गया, जहां ऑपरेशन के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
एक सफल व्यवसायी, एक जनसेवी चेहरा
अशोक अग्रवाल ने भुरकुंडा क्षेत्र से अपने व्यवसायिक जीवन की शुरुआत की थी और धीरे-धीरे ‘गौशाना’ ब्रांड को घर-घर तक पहुंचाया। रामगढ़ के मरार क्षेत्र में स्थापित उनकी फैक्ट्री ने उन्हें क्षेत्रीय व्यापार जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई। उनके उत्पाद झारखंड में काफी लोकप्रिय हुए।
अंतिम संस्कार बुधवार 23 जुलाई 2025 को होगा
वर्तमान में अशोक अग्रवाल का पार्थिव शरीर रांची से रामगढ़ स्थित उनके पंचवटी आवास लाया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। उनके निधन से न केवल व्यवसायिक समुदाय, बल्कि समाजसेवी संगठनों में भी शोक की भावना देखी जा रही है। क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित लोगों ने शोक जताया है और इसे अपूरणीय क्षति बताया है।