विजय साहू, सुरेंद्र महतो, पवन साहू के बाद अब रीना के इस्तीफे से पार्टी में मची हलचल
रांची/पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड : आजसू पार्टी में इन दिनों बगावत और असंतोष की लहर थमती नहीं दिख रही है। पार्टी को एक और बड़ा झटका उस वक्त लगा जब केंद्रीय महासचिव रीना गोडसोरा ने प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। रीना गोडसोरा पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ ब्लॉक की सक्रिय और प्रभावशाली नेता मानी जाती रही हैं।
अपने त्यागपत्र में रीना गोडसोरा ने पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो को संबोधित करते हुए लिखा कि, “पिछले दो वर्षों से मैंने तन, मन और धन से पार्टी की सेवा की, लेकिन अब कुछ व्यक्तिगत कारणों से मैं पार्टी और सभी पदों से इस्तीफा दे रही हूं।”
लगातार हो रही है पार्टी से नेताओं की विदाई
रीना गोडसोरा से पहले पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं – विजय साहू, पवन साहू और सुरेंद्र महतो – ने भी पार्टी छोड़ने का फैसला लिया था। लगातार हो रहे इन इस्तीफों ने पार्टी के भीतर गंभीर संकट और असंतोष की स्थिति पैदा कर दी है।
संगठन का पलटवार
रीना गोडसोरा के इस्तीफे के बाद आजसू के संगठन पदाधिकारियों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “जो स्वार्थी नेता अपने निजी हितों को साध नहीं पाते, वही लोग पार्टी छोड़कर नया घर तलाशते हैं। आजसू संगठन विचारधारा पर आधारित है, न कि पद और अवसर की राजनीति पर।”
राजनीतिक विश्लेषण
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि आजसू के लिए यह भगदड़ आने वाले विधानसभा चुनावों से पूर्व चिंता का विषय बन सकती है। संगठनात्मक कमजोरी और आंतरिक असंतुलन यदि समय रहते नहीं संभाला गया तो इसका असर सीधे चुनावी प्रदर्शन पर पड़ेगा।