चितरपुर, रामगढ़, झारखंड : चितरपुर प्रखंड के सांडी गांव निवासी अमित कुमार चौधरी ने 11वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 179वीं रैंक हासिल की है। अमित का चयन झारखंड लेबर सर्विस में हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अमित कुमार चौधरी, सेवानिवृत्त सीसीएलकर्मी देवनारायण चौधरी एवं गृहणी चंचला देवी के पुत्र हैं। उनकी सफलता पर न केवल परिवार, बल्कि गांववासी और आसपास के इलाके रजरप्पा, चितरपुर आदि में भी उत्साह देखा जा रहा है। गांव में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अमित की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, रजरप्पा में हुई। इसके बाद उन्होंने रामगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी जारी रखी और मेहनत, लगन तथा पारिवारिक सहयोग से यह सफलता हासिल की।
अमित ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों को दिया। उन्होंने कहा, “यदि सच्ची लगन और मेहनत हो, तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता।” उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है।
गौरतलब है कि अमित के बड़े भाई अभिनव चौधरी भी वर्ष 2022 में 10वीं जेपीएससी परीक्षा पास कर चुके हैं और वर्तमान में रांची के प्रोबेशन विभाग में पदस्थापित हैं।
अमित की सफलता पर चंद्रशेखर चौधरी, शंकर चौधरी, निर्मल महतो, बसीर अंसारी, मनोज कुमार पटेल, प्रदीप महतो, अरुण कुमार, गुलेश्वर महतो, मिन्हाज अंसारी, रूपेश जायसवाल, राजू गिरी सहित कई स्थानीय लोगों ने घर पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।