रामगढ़, झारखंड :रामगढ़ की होनहार बेटी चंद्रज्योति उपाध्याय ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा में 70वीं रैंक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस सफलता पर जिलेभर में हर्ष का माहौल है।
चंद्रज्योति उपाध्याय, रामगढ़ के प्रतिष्ठित आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. चंद्रमौली उपाध्याय की पुत्री हैं। उनका निवास रामगढ़ बाजार समिति के समक्ष स्थित उनके क्लीनिक के ऊपरी तल्ले पर है। प्रारंभ से ही मेधावी रही चंद्रज्योति की शिक्षा की नींव रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती विद्या मंदिर, बाजार समिति, से रखी गई। इसके बाद उन्होंने 12वीं की पढ़ाई अग्रसेन डीएवी, भरेचनगर से पूर्ण की और फिर गणित ऑनर्स में स्नातक की डिग्री रामगढ़ महाविद्यालय से हासिल की।
हर कक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाली चंद्रज्योति ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार के सदस्यों और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा, “लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने से सफलता अवश्य मिलती है।” साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से दृढ़ संकल्प और नियमित मेहनत की अपील की है।
चंद्रज्योति की सफलता ने रामगढ़ जिले की छात्राओं और युवाओं को एक नई प्रेरणा दी है।