

दुलमी (रामगढ़), झारखंड : दुलमी प्रखंड के दो युवाओं ने अपने कठिन परिश्रम और लगन से जेपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर झारखंड प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इनकी सफलता से गांवों में हर्ष का माहौल है।
किसान का बेटा बना अफसर
दुलमी प्रखंड के बोंगई गांव निवासी राज कुमार मुंडा ने 294वीं रैंक प्राप्त कर झारखंड प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया है। उनके पिता बुधन मुंडा एक साधारण किसान हैं, जिन्होंने खेती-किसानी के साथ अपने बेटे की पढ़ाई में कभी कोई समझौता नहीं किया। राज की सफलता पर मां सहित अमित मुंडा, रवि शंकर मुंडा, बुध देव मुंडा, प्यारी मुंडा, मनोज मुंडा, विकास मुंडा, नागेश्वर मुंडा समेत गांव के लोगों ने बधाई दी है।
शिक्षक का बेटा भी बना अफसर
वहीं, लावालौंग (कोरचे) निवासी सौरभ कुमार ने 115वीं रैंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया है। उनके पिता कृष्णा सिंह, जो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, ने अपने पुत्र को शिक्षा के प्रति बचपन से ही प्रेरित किया। सौरभ की सफलता पर पूर्व मुखिया शैलेश चौधरी, शारंगधर सिंह, नवल सिंह आदि ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
इन दोनों युवाओं की सफलता से यह सिद्ध होता है कि संकल्प, परिश्रम और परिवार का सहयोग हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।