रामगढ़, झारखंड : अग्रगति संस्था के परियोजना प्रभारी किरण शंकर दत्त ने रामगढ़ जिला के नए उपायुक्त (डीसी) फैज अक अहमद मुमताज से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अग्रगति संस्था द्वारा बाल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
किरण शंकर दत्त ने बताया कि अग्रगति संस्था बाल तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह और बाल शोषण जैसे मुद्दों पर लंबे समय से कार्य कर रही है। संस्था द्वारा जनजागरूकता अभियान, बाल संरक्षण समितियों का गठन, स्कूलों में बाल अधिकारों की जानकारी और रेलवे व बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि अग्रगति संस्था रेलवे सुरक्षा बल और चाइल्डलाइन 1098 के साथ मिलकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्रिय है।
इस अवसर पर जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन द्वारा प्रकाशित बाल संरक्षण संबंधी पुस्तक डीसी महोदय को भेंट की गई और उन्हें सम्मानित किया गया।
डीसी महोदय ने अग्रगति संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में जिला प्रशासन और अग्रगति संस्था के बीच बेहतर सहयोग का आश्वासन दिया।