Spread the love

तीसरी सोमवारी पर बाबाधाम में श्रद्धा का सैलाब : रिकॉर्ड 4 लाख से अधिक कांवरियों ने किए बाबा बैद्यनाथ के दर्शन

मंदिर के बाहर कांवरियों की भीड़

देवघर, झारखंड : श्रावणी मेला 2025 की तीसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धा की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार तड़के 4:06 बजे जैसे ही बाबा मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खुला, “बोल बम” के जयघोष के साथ जलार्पण का पवित्र क्रम शुरू हो गया। दिनभर में चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जल अर्पित किया। भीड़ को देखते हुए रूट लाइन पर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रही। रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और सीआरपीएफ की तैनाती के साथ-साथ जिला प्रशासन भी मुस्तैद रहा।

कतार 15 किलोमीटर तक फैली, रविवार रात से ही बढ़ने लगी भीड़

श्रद्धालुओं की कतार रविवार रात 11:15 बजे बेलाबगान होते हुए नंदन पहाड़ की ओर बढ़ने लगी थी। आधी रात के बाद कतार सिंघवा होते हुए कुमैठा तक पहुंच गई। सोमवार तड़के 3:00 बजे के बाद कांवरियों की लाइन कुमैठा पार कर स्पाइरल होकर बाबा मंदिर की ओर लौटने लगी। कांवरियों को बीएड कॉलेज पंडाल में भी विश्राम के लिए प्रवेश दिया गया।

डाक बम और VIP के लिए नहीं दी गई कोई विशेष सुविधा

इस बार भी डाक बम को बाबा मंदिर में कोई विशेष प्राथमिकता नहीं दी गई। ‘शीघ्र दर्शनम्’ सेवा भी सोमवारी के दिन बंद रखी गई थी, जिससे सभी श्रद्धालुओं को समान अवसर मिले। इसके बावजूद सुल्तानगंज से रविवार को 11,000 डाक कांवरियों को प्रशासन की ओर से प्रमाण पत्र जारी कर बाबाधाम रवाना किया गया, जिनमें 1,000 से अधिक महिला श्रद्धालु भी थीं।

प्रशासन चौकस, अधिकारी स्वयं कर रहे मॉनिटरिंग

देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग रात भर क्षेत्र में डटे रहे। दो अतिरिक्त आईपीएस अधिकारी – दीपक पांडे और मनोज स्वर्गियारी – भी मंदिर परिसर से लेकर पूरे रूट लाइन की निगरानी में जुटे रहे।
रात 12:30 बजे के बाद डीसी ने खुद दुम्मा से मंदिर तक का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से संवाद किया। माइकिंग कर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रहने और संयम बनाए रखने की अपील की गई।

डीसी की अपील : सभी को मिलेगा बाबा का दर्शन

डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने श्रद्धालुओं से अपील की कि धैर्य और संयम बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सभी शिवभक्तों को बाबा बैद्यनाथ का दर्शन एवं जलार्पण करने का अवसर मिलेगा। प्रशासन 24 घंटे अलर्ट मोड पर है। ड्यूटी में लगे सभी कर्मियों को सेवा भाव से कार्य करने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है।

तीन दिनों में 9 लाख से अधिक कांवरिया हुए रवाना

सुल्तानगंज के कृष्णगढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, पिछले तीन दिनों में बाबाधाम की ओर रवाना होने वाले कांवरियों की संख्या इस प्रकार रही:

  • शुक्रवार: 2,88,137 कांवरिया

  • शनिवार: 3,08,655 कांवरिया

  • रविवार: 3,07,971 कांवरिया

इन तीन दिनों में कुल 9,04,763 श्रद्धालु सुल्तानगंज से देवघर की ओर रवाना हुए, जिनमें बड़ी संख्या महिला कांवरियों की भी रही।