देवघर, झारखंड: देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत जमुनिया के पास मंगलवार अहले सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 से अधिक श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है और राहत व बचाव कार्य में जुट गई है। सभी घायलों और मृतकों को एंबुलेंस की सहायता से देवघर सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
बस में सवार एक यात्री ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद ही घटनास्थल पर कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, करीब एक दर्जन यात्री इतने गंभीर रूप से घायल हैं कि उनके बचने की संभावना बेहद कम जताई जा रही है।