रामगढ़, झारखंड : श्री कृष्ण विद्या मंदिर, रामगढ़ में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सचिव विमल किशोर जाजू द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। ध्वजारोहण के उपरांत सभी उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
अतिथियों का स्वागत विद्यालय के सुरम्य स्वागत गीत से किया गया। इसके बाद प्रधान छात्र एवं छात्रा ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। विद्यालय के नेहरू, सुभाष, पटेल और टैगोर सदन के छात्र-छात्राओं ने अनुशासन एवं तालमेल से परिपूर्ण परेड प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत कक्षा पांचवी की निवृत्ति गुप्ता द्वारा “मां भवानी” पर एकल नृत्य से हुई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा दसवीं एवं ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने “काली शक्ति” पर सशक्त मंचन प्रस्तुत कर नारी शक्ति और साहस का संदेश दिया। इसके बाद कक्षा पांचवी से नवी तक के विद्यार्थियों ने गुजराती, पंजाबी, मराठी, राजस्थानी और कश्मीरी लोकनृत्यों की आकर्षक श्रृंखला के माध्यम से भारत की “विविधता में एकता” की झलक पेश की। कक्षा आठवी और नवमी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पिरामिड एक्ट को दर्शकों की भारी तालियों के बीच संपन्न किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने अपने प्रेरक संदेश में कहा कि हमारी स्वतंत्रता केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि भविष्य के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि हम सभी को राष्ट्र की एकता, सम्मान और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन में विद्यालय के प्राचार्य एम कृष्णा चंद्रा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उन्होंने चिंतपूर्णी स्टील प्राइवेट लिमिटेड और श्रीनिवास चैरिटेबल ट्रस्ट रामगढ़ को विद्यालय के मेधावी तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षण शुल्क में सहयोग देने के लिए धन्यवाद प्रकट किया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं शारीरिक विकास के लिए किए गए कार्यों की जानकारी भी दी गई। अध्यक्ष ने बताया कि लगभग 30 लाख रुपये की लागत से सभी कक्षाओं में डिजिटल पैनल बोर्ड लगाए गए हैं, साथ ही लगभग 4 लाख रुपये की लागत से एक जिम पार्क की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन अभिभावकों के सुझावों के अनुरूप विद्यार्थियों के विकास हेतु सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रंजू सिंह, सपना चक्रवती, उषा सिंह, मनोरंजन चौधरी, विक्रम कुमार सिंह, सरिता सिंह, प्रांतिक राय, संजना कुमारी, मेघा कुमारी और अभिज्ञान कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।