पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद ने भाजपा सांसद पर लगाए गंभीर आरोप

Spread the love

रांची, झारखण्ड : बड़कागांव की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य में अवैध खनन और कथित राजनीतिक-प्रशासनिक गठजोड़ को लेकर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बड़कागांव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है और जब उन्होंने इसके खिलाफ आवाज उठाई, तो उन्हें धमकियां मिलने लगीं।

भाजपा के राज्यसभा सांसद सीएम रमेश पर गंभीर आरोप

अम्बा प्रसाद ने सीधे तौर पर एक निजी खनन कंपनी ‘ऋत्विक’ के मालिक और आंध्र प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा सांसद सीएम रमेश पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जब मैंने अवैध खनन का मुद्दा उठाया, तो सांसद की ओर से मुझे कॉल कर धमकी दी गई कि मेरा राजनीतिक करियर खत्म कर देंगे।”उन्होंने दावा किया कि “एक महिला को एमडीओ (माइनिंग डेवलपमेंट ऑपरेटर) बना दिया गया है और अब वही महिला और सांसद मुझे डराने की कोशिश कर रहे हैं। सांसद के भाई भी धमका रहे हैं। कल धमकी मिली और आज 400 पुलिसकर्मी मेरे घर में घुस आए। मेरे ड्राइवर को उठा लिया गया। ये क्या दर्शाता है? यही कि प्रशासन और खनन माफिया की मिलीभगत है।”

सूर्या हांसदा का एनकाउंटर कंपनी के इशारे पर हुआ

अम्बा प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाने पर लिया और कहा, “पीएम बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की बात करते हैं और झारखंड की बेटी को धमकी मिल रही है। क्या यही है ‘नारी सम्मान’?” उन्होंने आरोप लगाया कि सूर्या हांसदा का एनकाउंटर भी कंपनी के इशारे पर कराया गया। “अगर आज मुझे धमकी मिल रही है, मेरे घर पर पुलिस भेजी जा रही है, तो कल किसी भी विरोध करने वाले की आवाज को इसी तरह दबाया जा सकता है।”

मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए सीएम हेमंत

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की कि वे इस पूरे मामले को गंभीरता से लें और जांच कराएं। “ये लोग सांसद नहीं, माफिया हैं और प्रशासन इनके साथ मिलकर काम कर रहा है। सीएम के आंखों में धूल झोंकी जा रही है।” हम नहीं डरेंगे, हम टूटेंगे नहीं। हमारी लड़ाई बिरसा मुंडा की विरासत को बचाने की है।आगे उन्होंने कहा कि झारखंड को अलग किया गया था ताकि यहां के लोगों को उनका हक मिले, लेकिन आज यही खनिज बाहरी कंपनियों द्वारा लूटा जा रहा है। अम्बा प्रसाद की इस पीसी के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का ऑडियो सबूत भी होने का दावा किया है, जिसे वह जल्द सार्वजनिक करेंगी।