रामगढ (झारखंड) : लघु उद्योग भारती ने मानवता का परिचय देते हुए जन्म से दिव्यांग 12 वर्षीय अंजलि कुमारी को ट्राइसाइकिल भेंट की। अंजलि के पिता अनिल कुमार चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी जन्म से ही दिव्यांग है, न बोल सकती है और न ही चल-फिर सकती है। ट्राइसाइकिल मिलने से उसके जीवन में सहूलियत आएगी।
दिव्यांग बालिका की जानकारी मिलने पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश राजगढ़िया और रोहित पंसारी उसके घर पहुंचे और ट्राइसाइकिल सौंपी। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष सरदार मनमोहन सिंह लाम्बा ने कहा कि यह प्रयास दिव्यांगता मुक्त भारत की परिकल्पना की दिशा में एक छोटा कदम है। वहीं जिला सचिव वरुण बगड़िया ने कहा कि संगठन जरूरतमंद दिव्यांगों को सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर है, और जिसे भी ट्राइसाइकिल की आवश्यकता हो, वह होटल शिवम इन्न में संपर्क कर सकता है।
इस अवसर पर निरंजन महतो, अनिल कुमार, अनिता देवी समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।