भुरकुंडा, (रामगढ), झारखंड : लपंगा स्थित वेंकटेश आयरन फैक्ट्री में सोमवार को कार्य के दौरान ऊंचाई से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान लपंगा बस्ती निवासी विजय बेदिया के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, विजय देर रात फैक्ट्री के एक ऊंचे प्लेटफॉर्म पर काम कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने पर उसे रामगढ़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने शव को फैक्ट्री परिसर में रखकर कार्य बाधित कर दिया तथा मुआवजा और आश्रित को नौकरी की मांग करने लगे । इस दौरान आजसू जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी व जेकेएलएम के विजय साहू समेत कई नेता परिजनों के समर्थन में पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में वार्ता के बाद लिखित समझौता हुआ।
समझौते के अनुसार, मृतक की पत्नी को तत्काल 1 लाख रुपये नकद, 25 अगस्त 2025 को 5 लाख रुपये का चेक, 25 सितंबर 2025 का एक और 5 लाख रुपये का चेक दिया गया । इसके अलावा मृतक की पत्नी को पेंशन और एक आश्रित को नौकरी देने पर सहमति बनी। इसके बाद परिजन शव को फैक्ट्री परिसर से हटाने पर राजी हुए।
समझौता पत्र पर मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी, पुत्र मंशू कुमार बेदिया, फैक्ट्री अधिकारी मनीष शर्मा व जेएन तिवारी, नेता दिलीप दांगी, रामफल बेदिया, राजेंद्र बेदिया, गोविंद बेदिया, गिरीशंकर महतो, सकलदीप महतो, जयराम बेदिया, सागर दांगी समेत कई लोगों ने हस्ताक्षर किए।