कुजू (रामगढ), झारखंड : सीसीएल करमा परियोजना प्रबंधन से जलावन कोयला देने की मांग करते हुए शुक्रवार को ग्रामीण महिलाओं ने करीब दो घंटे परियोजना का मुख्य द्वार जबरन जाम किया। इस दौरान पीओ के नहीं रहने से कार्यालय का कार्य बाधित हुआ। मामले की जानकारी मिलने पर सुरक्षा विभाग व कुजू ओपी पुलिस ने पहुंच कर महिलाओं को समझा बुझाकर पीओ कार्यालय का मुख्य द्वार खुलवाया।
साथ ही ग्रामीण महिलाओं को वापस लौटाया गया। परियोजना क्षेत्र के आसपास की ग्रामीण महिलाएं पीओ रामेश्वर मुंडा से जलावन कोयला को लेकर बातचीत करना चाह रही थी। पीओ ने मोबाइल पर बात करते हुए महिलाओं को स्पष्ट रूप से कहा कि परियोजना क्षेत्र से अवैध रूप से कोयले का उठाव किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा।