रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

Spread the love

कल्पना सोरेन के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करते हेमंत सोरेन व मौजूद रामदास सोरेन के परिजन

घोड़ाबांधा, झारखंड : झारखंड के दिवंगत पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ घोड़ाबांधा पहुंचे। दोपहर करीब 2:15 बजे, मुख्यमंत्री दंपति हेलीकॉप्टर से कम्फुटा मैदान स्थित अस्थायी हेलीपैड पर उतरे, जहां से वे सीधे श्राद्ध स्थल की ओर रवाना हुए।

श्राद्ध कार्यक्रम में पहुँचते ही मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने स्व. रामदास सोरेन के परिजनों से भेंट कर दुख की इस घड़ी में संवेदना व्यक्त की और परिवार को सांत्वना दी।

श्राद्ध भोज के आयोजन के लिए घोड़ाबांधा में एक विशाल पंडाल बनाया  गया था, जहां आम लोगों के साथ-साथ विशिष्ट अतिथियों के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की भी भारी उपस्थिति रही।